कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के एक नेता और उसके भतीजे पर एक महिला पर दबाव डालने और उसे धमकाने का आरोप है, ताकि वह उनके खिलाफ दर्ज एक पुराना मामला वापस ले ले। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने पुराना मामला वापस लेने से इनकार कर दिया, तो तृणमूल नेता ने उसके घर में ही उसके साथ दुष्कर्म किया।यह मामला रविवार को तब सामने आया, जब एक महिला ने नदिया जिले के कृष्णानगर पुलिस स्टेशन में स्थानीय तृणमूल नेता बुद्धदेव कानू और उसके भतीजे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, 'पीड़िता' ने कृष्णानगर के कोतवाली पुलिस स्टेशन में कानू और उसके भतीजे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
महिला के बयान के मुताबिक, 2017 में कानू ने उसके परिवार की परेशानियों का फायदा उठाते हुए उसे नौकरी दिलाने का वादा करके सात लाख रुपये ले लिए। इसके बाद महिला का यौन उत्पीड़न किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि बार-बार मिल रही धमकियों के बावजूद उसने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। यह मामला अभी भी लंबित है। महिला का आरोप है कि हाल ही में कानू उस पर पुराना केस वापस लेने के लिए दबाव डाल रहा है।
आरोप है कि महिला ने उसके 'डर' से अपना घर बदल लिया लेकिन कानू ने उसका नया घर ढूंढ लिया, जहां उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर उसने मुंह खोला तो उसे जान से मार दिया जाएगा। उसने यह भी आरोप लगाया है कि उसे लोहे की रॉड से पीटा गया।
आरोपी कानू, कृष्णानगर में तृणमूल कांग्रेस का पूर्व सचिव रह चुका है। आरोप है कि उसने 2017 में कृष्णानगर पालिका में नौकरी दिलाने का वादा किया था।
'पीड़िता' का दावा है कि आरोपी का भतीजा एक सिविक वॉलंटियर है। जब उसने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, तो उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल ही में उसे जान से मारने की कोशिश की गई थी।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। कृष्णानगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच चल रही है।" हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।















