मुंबई। 'साराभाई वर्सेज साराभाई' और 'कोटा फैक्ट्री' जैसे शोज में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश कुमार का बिहार और छठ पूजा से खास जुड़ाव है। छठ का नाम आते ही उन्हें पटना में बिताए बचपन के दिन और मां के साथ त्योहार मनाने की यादें ताजा हो जाती हैं। उनके लिए छठ परिवार, आस्था और अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का एहसास है। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने छठ से जुड़ी अपनी एक खास याद साझा की।राजेश कुमार ने कहा, ''मेरी सबसे प्यारी यादों में से एक वह है, जब मेरी मां ने पटना में छठ पूजा की थी। किसी तरह प्रशासन को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने पूरे शहर में मेरी मां को छठ की शुभकामनाएं देने वाले बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगा दिए थे। छठ से जुड़ी मेरी बहुत सारी यादें हैं लेकिन मां के साथ यह त्योहार मनाना हमेशा मेरे लिए खास रहा है।''
छठ पूजा को सबसे अनुशासित त्योहारों में से एक बताते हुए राजेश ने इसके नियमों और परंपराओं के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''इस त्योहार में सिर्फ व्रत रखना ही जरूरी नहीं होता बल्कि साफ-सफाई, शुद्धता और खुद पर नियंत्रण रखने का भी खास महत्व है। व्रत रखने वाले व्यक्ति को करीब 36 घंटे तक बिना पानी पिए रहना पड़ता है। इस दौरान खानपान से लेकर पूजा की हर तैयारी तक में शुद्धता का ध्यान रखा जाता है।''
राजेश ने कहा, ''छठ पूजा की एक खास बात यह भी है कि इसमें प्रकृति के सभी तत्वों के प्रति आभार जताया जाता है। इस त्योहार में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इस पूजा में अमीर-गरीब, उम्र और सामाजिक हैसियत का कोई फर्क नहीं रहता। हर कोई एक साथ खड़ा होकर पूजा करता है। लोग सिर्फ अपने परिवार के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए सुख और खुशहाली की कामना करते हैं। यही भावना छठ को दूसरे त्योहारों से अलग बनाती है।''
इस साल छठ पूजा में शामिल नहीं हो पाने को लेकर राजेश ने कहा कि वह त्योहार के पहले दिन से ही शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। उन्होंने कहा, ''खुशकिस्मती से मेरी हर दिन शूटिंग है और त्योहार के पहले दिन भी काम करना होगा, इसलिए इस साल मैं छठ पूजा को काफी मिस करूंगा। मुझे जश्न का हिस्सा बनने और त्योहार के माहौल को महसूस करने की बहुत याद आएगी।''
















