मैहर, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मिरगौती गांव में चरित्र संदेह को लेकर पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति राजेंद्र साकेत ने पत्नी काजल साकेत पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार राजेंद्र साकेत हैदराबाद में रहकर काम करता है और घटना वाले दिन ही अपने गांव आया था। इसी दिन उसकी पत्नी काजल अपने मायके ग्राम मझगवां से ससुराल मिरगौती पहुंची थी। पति को संदेह था कि काजल उसके किसी रिश्तेदार युवक से फोन पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था और पति ने उसे फोन पर बात करने से मना किया था।
बताया जा रहा है कि ससुराल पहुंचने के बाद इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में राजेंद्र ने धारदार हथियार से काजल पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी की मां के घर पहुंचने पर दोनों काजल को खून से लथपथ हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे। संजय गांधी अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद काजल को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता, निवासी ग्राम मझगवां, ने आरोप लगाया कि घटना के बाद राजेंद्र ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए उन्हें घटना की जानकारी दी थी। परिजनों का यह भी कहना है कि हत्या के बाद आरोपी पति रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कराकर काजल को मेडिकल कॉलेज रीवा ले गया। घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बावजूद परिजनों ने पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस की जांच के बाद घटना की परिस्थितियों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




