छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित देरी रोड की बीड़ी कॉलोनी में शराब और मुर्गा खाने के लिए पैसे नहीं देने पर 65 वर्षीय अधेड़ पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान बन्दू अनुरागी (65), पिता स्वर्गीय दास अनुरागी, के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे बन्दू अनुरागी दुकान पर सामान लेने गए थे। इसी दौरान अमित अनुरागी और विशाल अनुरागी ने उनसे शराब और मुर्गा खाने के लिए पैसे की मांग की। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों और कट्टे की बट से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि सिर पर भी गहरा वार किया गया।
घटना के दौरान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




