भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस विधायक और भोपाल से विधायक आरिफ मसूद ने वक्फ बोर्ड के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मध्य प्रदेश में हाल ही में गठित वक्फ बोर्ड में दो की जगह तीन गैर-मुस्लिम सदस्य शामिल किए जाने का फैसला गलत है और इसके खिलाफ वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

आरिफ मसूद ने कहा, “मामला पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। अंतिम फैसला अभी आना बाकी है। इसके बावजूद एमपी सरकार ने वक्फ बोर्ड बना दिया जिसमें गैर-मुस्लिम सदस्यों की संख्या बढ़ा दी गई है। मैं इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा।”

विवाद की पृष्ठभूमि

वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है। विपक्षी दलों का आरोप है कि यह कदम मुस्लिम समुदाय की धार्मिक संस्थाओं में अनावश्यक हस्तक्षेप है, जबकि सरकार इसे पारदर्शिता और समावेशिता का कदम बता रही है।

मध्य प्रदेश में नए वक्फ बोर्ड के गठन के बाद आरिफ मसूद का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि जब तक सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक इस तरह के बदलाव उचित नहीं हैं।