छतरपुर, संजय अवस्थी। तहसील महाराजपुर की ग्राम पंचायत कुर्राहा के अंतर्गत आने वाले ग्राम गर्रापुरवा और गणेशपुरा बड़ा में उर्मिल बांध का पानी डूब क्षेत्र की निर्धारित सीमा से अधिक भरने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बांध के गेट पूरी तरह बंद होने से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे गांव की मुख्य पुलिया के ऊपर करीब 5 फीट तक पानी भर गया है। लगभग 100 फीट की लंबाई में जलभराव हो जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इस वजह से बच्चों का स्कूल जाना बंद हो चुका है और आपातकालीन स्थिति में मरीजों व महिलाओं को बाहर ले जाना बेहद मुश्किल हो गया है। इसके अलावा श्मशान घाट न होने और रास्ते बंद होने के कारण अंतिम संस्कार के समय शव ले जाने में भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के साथ आए सपा जिलाध्यक्ष कपूर सिंह यादव ने कहा कि जलभराव के कारण खेतों में बोई गई सोयाबीन, मूंगफली और उड़द जैसी फसलें पूरी तरह डूबकर नष्ट हो चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर कम्मूदा कुशवाहा, गुलाब सिंह यादव, पंचम सिंह, मोहनलाल, राकेश यादव, राहुल सिंह यादव, बलदेव, अमोल सिंह, महेंद्र सिंह सहित ग्राम गर्रापुरवा के दर्जनों ग्रामीणों ने छतरपुर कलेक्टर को आवेदन सौंपकर उर्मिल बांध के गेट खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध का प्रबंधन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के पास है और सीमा से अधिक पानी भरे जाने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बांध के गेट खोलकर जल निकासी नहीं कराई गई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।












