भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस द्वारा मनाए जा रहे 'ब्लैक डे' और चुनाव आयोग सहित ईवीएम पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव आयोग और ईवीएम पर प्रश्नचिन्ह लगाती है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में उनकी सरकारें कैसे बनीं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीते। मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत देश में अराजकता फैलाने का प्रयास है, जहां बिना किसी वास्तविक मुद्दे के मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कब मैच्योर होंगे और राहुल गांधी से देशहित में काम करने की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है।


भोपाल में मेट्रो प्रोजेक्ट्स के विरोध को लेकर मंत्री सारंग ने कहा कि जब पार्टी का सर्वोच्च नेता ही अराजकता फैलाने में लगा हो, तो निचले स्तर पर भी यही स्थिति देखने को मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी विकास के कार्य नहीं किए और उनके समय में सड़क, बिजली, पानी तथा रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का सर्वथा अभाव था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की यात्रा के झंडे में भगवा रंग शामिल न होने पर मंत्री सारंग ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने भगवा का मजाक उड़ाया है, जबकि बिना भगवा के सनातन की बात संभव ही नहीं है। इससे साफ होता है कि वे सनातन धर्म को कितना मानते हैं और उन्हें इसका कितना ज्ञान है। उन्होंने कहा कि जाकिर नाइक जैसे लोगों को महिमामंडित करने वाले दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं के सर्टिफिकेट की सनातन धर्मियों को कोई आवश्यकता नहीं है और वे केवल अपनी सियासी जमीन बचाए रखने के लिए ये तमाम जतन कर रहे हैं।