मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले में चार वर्ष बाद गौवंश में लंपी रोग के मामले सामने आने के बाद गौ-सेवकों और पशु चिकित्सा विभाग ने संयुक्त रूप से वैक्सीनेशन अभियान तेज कर दिया है। बीते आठ दिनों में करीब 35 हजार से अधिक गौवंश का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। अभियान के तहत रात 9 बजे से 12 बजे तक सड़कों, पार्कों और खुले स्थानों पर घूमने वाले आवारा व लावारिश गौवंश को चिन्हित कर टीके लगाए जा रहे हैं। एक रात में 200 से 250 गौवंश के वैक्सीनेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुरैना जिले में करीब 1 लाख 25 हजार से अधिक गौवंश है, जिसमें लगभग 50 हजार आवारा, लावारिश एवं पालतू गौवंश को वैक्सीनेट करने का लक्ष्य रखा गया है। चंबल गौरक्षा सेवा समिति के गौ-सेवक पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से अभियान चला रहे हैं। वैक्सीनेशन किए गए गौवंश को गौ-सेवक लाल और पशु चिकित्सा विभाग नीले रंग से चिन्हित कर रहा है। लंपी रोग से पीड़ित पशुओं को वैक्सीन न लगाकर आयुर्वेदिक दवाई दी जा रही है। अभियान में आम नागरिक भी सहयोग कर रहे हैं और गौवंश को रोग से सुरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना की जा रही है।













