छतरपुर, संजय अवस्थी। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति शाखा के प्रभारी अधिकारी की गैरमौजूदगी और लापरवाही से क्षुब्ध छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय से अटकी छात्रवृत्ति की समस्या का कोई समाधान न निकलने पर गुस्साए विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति शाखा के मुख्य दरवाजे पर तालाबंदी कर दी और बाहर बैठकर जमकर नारेबाजी की।
एमए के छात्र सुरेंद्र कुमार अहिरवार ने बताया कि छात्रवृत्ति शाखा में पिछले डेढ़ महीने से कोई स्थाई प्रभारी अधिकारी नियुक्त नहीं है। दूर-दराज से आने वाले छात्रों को प्रतिदिन घंटों तक इंतजार करना पड़ता है और उन्हें एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर भटकाया जाता है। छात्रों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी इस समस्या को लेकर कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन लिखित में किसी स्थायी प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति के आदेश जारी नहीं करता और उनकी छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं निकालता, तब तक उनका यह आंदोलन और तालाबंदी जारी रहेगी।













