लुधियाना। पंजाब के औद्योगिक नगर लुधियाना में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से आयोजित हो रही श्री हनुमंत कथा के चौथे दिन आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अनूठा महासंगम देखने को मिला। विशाल कथा पंडाल में जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु हनुमान भक्ति के भजनों पर झूमते नजर आए, वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने भी सबका ध्यान खींचा। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कथा स्थल पहुंचकर बागेश्वर महाराज के दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ कई विधायकों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और प्रमुख गणमान्य नागरिकों ने व्यासपीठ पर नतमस्तक होकर महाराज श्री का स्वागत-सत्कार किया।
वर्ल्ड ह्यूमैनिटी पार्लियामेंट (USA) ने दिया 'आदि सनातन धर्म रत्न' सम्मान
कथा के चौथे दिन का मुख्य आकर्षण बागेश्वर महाराज को मिला अंतरराष्ट्रीय स्तर का सम्मान रहा। वर्ल्ड ह्यूमैनिटी पार्लियामेंट, न्यू जर्सी (यूएसए) के प्रतिनिधियों ने कथा मंच पर पहुंचकर महाराज श्री को उनके आध्यात्मिक उत्थान, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी अभियानों के लिए प्रतिष्ठित ‘आदि सनातन धर्म रत्न व्यासपीठ’ सम्मान से अलंकृत किया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और समाज में मानवीय मूल्यों की स्थापना के लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा किए जा रहे कार्य वैश्विक स्तर पर सराहनीय हैं।
यह भी पढ़ें: पन्ना में पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच टकराव:नेतृत्वकर्ता दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को जेल भेजा, पुलिस ने अमित भटनागर को फरार बताया
'कथा और संतों का सान्निध्य समाज को देता है नई दिशा': रवनीत बिट्टू
व्यासपीठ पर आशीर्वाद लेने पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब की गुरुओं और संतों की पावन धरती पर श्री हनुमंत कथा का यह दिव्य आयोजन पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है। उन्होंने महाराज श्री से पंजाब की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।
शहरभर में आस्था का सैलाब, कथा पंडाल में तिल रखने की जगह नहीं
लुधियाना में बागेश्वर महाराज के आगमन को लेकर शहरवासियों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कथा स्थल से लेकर आसपास के मुख्य मार्गों तक भक्तों का तांता लगा हुआ है। भीषण भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। जय श्री राम और बागेश्वर धाम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजायमान बना हुआ है।














