सतना, अंबिका केशरी। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान आबकारी अमले ने करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब और एक ई-रिक्शा जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी लोकेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर आबकारी उपनिरीक्षक निलेश गुप्ता ने टीम के साथ बाईपास क्षेत्र में घेराबंदी कर एक ई-रिक्शा को रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 58 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पूछताछ में ई-रिक्शा चालक लवकुश साकेत निवासी गहरानाला तथा चांद बसोर निवासी सिंधी कैंप शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया।
आबकारी विभाग ने शराब एवं ई-रिक्शा को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में आरक्षक सरिता बिजौरिया, आशुतोष तिवारी एवं सैनिक अंजली गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

