मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शहर कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक किलो अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी कुल कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर शिवना नदी के पास हुई कार्रवाई

कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप लेकर एक व्यक्ति मंदसौर पहुंचने वाला है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कोर्ट रोड स्थित शिवना नदी के समीप मोर्चा संभाला और संदिग्ध की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गया।

आरोपी समीर शेख के कब्जे से हुई बरामदगी

तलाशी के दौरान पुलिस ने समीर शेख निवासी गोपालपुरा, थाना नारायणगढ़ के कब्जे से एक किलो अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम बरामद की। बरामद अल्प्राजोलम की कीमत करीब 20 लाख रुपये और अफीम की कीमत लगभग एक लाख रुपये है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

नीमच के मनासा से जुड़ा तस्करी का तार, दूसरा आरोपी शाहरुख गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी समीर शेख से पूछताछ के दौरान एक और अहम खुलासा हुआ। उसने बताया कि वह यह मादक पदार्थ नीमच जिले के मनासा निवासी शाहरुख से लेकर आया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी शाहरुख को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया।

सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह मादक पदार्थ असल में कहां से लाए गए थे, इन्हें मंदसौर या आसपास के किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार की सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।