देवरी कलाँ, त्रिवेन्द्र जाट: देवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहली रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम डोंगर सलैया स्थित बिजासेन मंदिर के पास एक तेज रफ्तार नीले रंग की अर्टिका कार (क्रमांक MP 15 ZQ 1115) ने एचएफ डीलक्स बाइक (क्रमांक MP 15 NH 7634) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही गंभीर रूप से स्थिति बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया।
उदयपुरा से देवरी आ रहे थे मृतक भरत सेन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उदयपुरा (थाना गढ़ाकोटा) निवासी 55 वर्षीय भरत सेन रविवार शाम को अपनी मोटरसाइकिल से उदयपुरा से देवरी की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डोंगर सलैया में बिजासेन मंदिर के पास मोड़ पर पहुँची, तभी सामने से आ रही अर्टिका कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार भरत सेन सड़क पर जा गिरे और उनके सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
112 एंबुलेंस से पहुँचाया गया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल भरत सेन को तत्काल स्थानीय देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर पर गहरी चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, कार चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अर्टिका कार चालक की तलाश के लिए वाहन नंबर के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया और विवेचना की जा रही है।

















