छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। बुंदेलखंड अंचल में लगातार हो रही बारिश के चलते छतरपुर-टीकमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित बान सुजारा बांध पूरी तरह भर गया है। जलाशय का जलस्तर बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने बांध के 12 गेटों में से दो गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद धसान नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।


जानकारी के अनुसार, बान सुजारा बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। जलाशय का जलस्तर लक्षित स्तर से अधिक होने के कारण विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर दो गेट खोले गए हैं। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद धसान नदी में जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में नदी के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


बान सुजारा परियोजना के एसडीओ रामसेवक शेजवार ने बताया कि जलाशय का जलस्तर अधिक बढ़ने के कारण बांध के दो गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। नदी किनारे स्थित गांवों में प्रशासन के माध्यम से आमजन को अलर्ट किया गया है।


उन्होंने बताया कि यदि बांध के ऊपरी हिस्से में लगातार बारिश होती है और जलस्तर में और बढ़ोतरी होती है, तो परिस्थितियों के अनुसार बांध के अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों से सावधानी बरतने और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है।