छतरपुर, संजय अवस्थी। गुरूवार को कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला शिक्षा केन्द्र, शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जनजातीय कार्य एवं पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण विभाग की बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर श्री मीना ने जिला शिक्षा केन्द्र अंतर्गत शासकीय एवं प्राईवेट विद्यालयों में छात्रों के कक्षा 1 से 8 नामांकन की भी समीक्षा करते हुए राजनगर एवं बिजावार में कम नामांकन होने पर बीआरसीसी पर नाराजगी जताई, जिसमें शाला प्रभारियों द्वारा 2 वर्ष के फेल छात्रों की टीसी जारी की गई। जिसके लिए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायतों में छात्रों को ढूंढकर उनका कक्षाओं में शतप्रतिशत नामांकन कराएं।

साथ ही कलेक्टर ने डीईओ व डीपीसी को निर्देश दिए कि केन-बेतवा परियोजना के विस्थापित ग्रामों के छात्रों को शालाओं में पढ़ाई के लिए प्रेरित करें, और जो छात्र नामांकन से छूटे हैं, उनका शतप्रतिशन नामांकन कराएं। कलेक्टर ने यूडाईस पोर्टल पर अपार आईडी की समीक्षा करते हुए राजनगर में कम अपार आईडी होने व अत्यन्त खराब प्रगति होने पर बीआरसीसी व बीएसी के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही ईशानगर में भी जिन प्राईवेट स्कूलों में कम अपार आईडी बनाईं गईं उन विद्यालयों की मान्यता निरस्त संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनशिक्षा केन्द्र पर छात्रों की शतप्रतिशत मेंटरिंग कराने के भी निर्देश दिए एवं छात्रों के यूनिफॉर्म का पैसा भी विशेषरूप से नौगांव, राजनगर एवं बिजावर ब्लॉक में बीआरसीसी को सुनिश्चित करने के कहा।


जो शिक्षक पोर्टल पर हाजिरी नहीं लगा रहे हैं, उनकी वेतन काटने के निर्देश

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर भी कलेक्टर ने प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी को निर्देश कि लोगों को वास्तविक रूप से साक्षर करने का कार्य होना चाहिए, यह केवल आंकडों में न रहे। उन्होंने राजनगर, नौगांव व बक्सवाहा के बीईओ को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि जो संकुल प्राचार्यों की छात्रों के नामांकन में सुधार नहीं कर रहे हैं, उन पर कार्यवाही करें। साथ ही एजुकेशन पोर्टल पर छात्रों का शतप्रतिशत प्रोफाईल अपडेशन हो जाए, जिससे उनकी छात्रवृत्ति का पैसा उन्हें समय पर मिले एवं मुख्यमंत्री नि: शुल्क स्कूटी योजना एवं मेधावी छात्र प्रोत्साहन में छात्रों का लैपटॉप का पैसा जिनको नहीं मिला है, उनके खाते दोबारा कलेक्ट कर उनको चेक के माध्यम से पैसा वितरित करें। हमारे शिक्षक ऐप पर जो शिक्षक समय पर हाजिरी नहीं लगा रहे हैं, उनकी वेतन काटी जाए एवं एमपीटास पर छात्रों का शतप्रतिशत वन टाईम रजिस्ट्रेशन भी कराएं।


छात्रावासों में गड़बड़ी की शिकायत आने पर उनका तत्काल सुधार कराने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए कि छात्रावासों में आ रही अनियमितता संबंधी शिकायतों पर गंभीरता बरतें और इसकी जांच करें और जो अधीक्षक गड़बडी कर रहें हैं, उन्हें तत्काल बदलें और दूसरा अधीक्षक नियुक्त करें। कहीं भी गड़बडी की शिकायत आने पर उसमें तत्काल सुधार कराएं और इसकी लगातार मॉनिटरिंग करें। साथ ही ओबीसी विभाग अंतर्गत स्वरोजगार के लोन संबंधी प्रकरणों के तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए।