सागर/देवरी, त्रिवेन्द्र जाट। भगवान के घर में चोरों का दुस्साहस। देवरी नगर के संजय नगर स्थित पशुपतिनाथ फूटा मंदिर में अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में ताला तोड़कर भगवान शिव के ऊपर लगा छत्र चुरा लिया। यह घटना 16 सितंबर की रात करीब चार बजे की बताई जा रही है। जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब दो अज्ञात व्यक्ति मंदिर में घुसकर यह कांड अंजाम देते नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे ये दोनों व्यक्ति मंदिर के अंदर प्रवेश करते हैं और चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। मोहल्लेवासियों ने जैसे ही इस घटना का पता चला, उन्होंने तुरंत देवरी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए। स्थानीय श्रद्धालुओं में इस घटना से काफी रोष और चिंता है। उनका कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल को निशाना बनाया जाना न सिर्फ अपराध है बल्कि श्रद्धा पर भी हमला है।
लोगों का कहना है कि भगवान के घर में इस तरह की घटना होना चिंता का विषय है। शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। वे मांग कर रहे हैं कि घटना की निष्पक्ष और तेजी से जांच हो और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
पशुपतिनाथ फूटा मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। ऐसे में भगवान शिव के छत्र की चोरी ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। इलाके के लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही चोरों की पहचान हो और उन्हें सजा मिले।




