भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वीआईपी (VIP) सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता एक गंभीर मामला सामने आया है। भोपाल के पॉश और हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र 45 बंगला स्थित विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। राजधानी में एक के बाद एक मंत्रियों और विधायकों के सरकारी बंगलों को निशाना बनाए जाने से हड़कंप मच गया है और वीआईपी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


जुलाई से बंद था प्रीतम लोधी का बंगला; नल, गीजर से लेकर एक्टिवा तक चुरा ले गए चोर

45 बंगला स्थित विधायक प्रीतम लोधी का यह सरकारी आवास जुलाई महीने से बंद पड़ा था। 30 सितंबर को जब उनके लोग आवास पर पहुंचे, तब इस चोरी का खुलासा हुआ। बेखौफ चोरों ने बंगले के कई कमरों के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पूरे घर में तोड़फोड़ की। चोरों ने सभी वॉशरूम में लगे नल और पानी गर्म करने वाले गीजर तोड़कर चुरा लिए। यही नहीं, चोरों ने बंगले से एक एक्टिवा स्कूटर, दो गैस सिलेंडर और किचन में रखा खाने-पीने का सामान तक नहीं छोड़ा।


यह भी पढिए: मैहर में भीषण सड़क हादसा, गयाजी से पिंडदान कर लौट रहे दमोह के दो सगे भाइयों की मौत


भोपाल में वीआईपी बंगलों में चोरी की सिलसिलेवार घटनाएं

राजधानी में सिर्फ विधायक प्रीतम लोधी ही नहीं, बल्कि कई अन्य जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास भी चोरों के निशाने पर आ चुके हैं:

  • कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग: मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में भी चोरी की घटना हो चुकी है।
  • मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल: विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में भी चोरों ने सेंधमारी की।
  • पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई: विधायक अजय विश्नोई के बंगले से भी नल की टोंटियां चुरा ली गई थीं।
  • विधायक प्रीतम लोधी: अब 45 बंगला स्थित प्रीतम लोधी के आवास में हुई बड़ी चोरी ने सुरक्षा दावों की कलई खोलकर रख दी है।


सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल

राजधानी का 45 बंगला क्षेत्र बेहद सुरक्षित माना जाता है, जहां लगातार पुलिस की गश्त और कड़ा पहरा रहता है। इसके बावजूद एक के बाद एक मंत्रियों और विधायकों के आवासों में बेखौफ होकर चोरियों का होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है।


यह भी पढिए: पेड़ा खाने के 20 मिनट बाद बिगड़ने लगी मानसिक स्थिति, जमीन पर लोटने लगे परिजन, 2 साल के मासूम की हालत नाजुक


इस सिलसिलेवार घटनाओं के बाद राजनीतिक और आम हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि जब राजधानी में मंत्रियों और विधायकों के वीआईपी सरकारी बंगले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा? घटना की सूचना के बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।