सतना, अंबिका केशरी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास स्थित एक सूने मकान में चोरों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है। चोरी की वारदात के दौरान पड़ोसियों की सतर्कता से पुलिस को सूचना तो मिल गई, लेकिन कथित तौर पर पुलिस की पकड़ में आया एक बदमाश भी चकमा देकर फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार आशीष मिश्रा इंदौर की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में मैनेजर हैं। उनका परिवार अमौधा स्थित एफसीआई गोदाम के पास किराए के मकान में रहता है। बुधवार को उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ मायके कोरीगवां गई हुई थीं। इसी दौरान रात में घर की लाइट जलती देख सामने रहने वाले पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल आशीष मिश्रा को फोन कर इसकी जानकारी दी। उस समय आशीष इंदौर से सतना आने के लिए ट्रेन में सफर कर रहे थे। सूचना मिलने पर डॉयल-112 को खबर दी गई।


पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाशों ने घर में रखी आलमारी, पेटी, सूटकेस और दीवान सहित सभी सामान की बारीकी से तलाशी ली और सोने-चांदी के जेवरात सहित कुछ नकदी चोरी कर ले गए। आशीष मिश्रा ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है।


पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि रात में आहट सुनाई देने पर वह छत पर पहुंची, जहां दो संदिग्ध घर के अंदर जाते दिखाई दिए। सूचना पर डॉयल-112 की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। इस दौरान एक बदमाश पीछे के रास्ते से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने घर के अंदर से पकड़ लिया था। आरोप है कि जब पुलिस उसे बाहर ला रही थी, तभी वह भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।


घटना की जानकारी मिलते ही आशीष की पत्नी तड़के घर पहुंचीं तो कमरों का सामान बिखरा मिला। वहीं गुरुवार सुबह जब पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोग शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे तो वहां चैनल गेट बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी बाहर नहीं आया। इस रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।


फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।