छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र के छठी बम्होरी गांव में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अज्ञात चोरों ने किराना दुकान की पीछे की पक्की ईंट की दीवार फोड़कर सेंध लगाई और दुकान व गोदाम में रखा किराना सामान, नमकीन-कुरकुरे के पैकेट, पेट्रोल सहित अन्य सामग्री चोरी कर ले गए। खास बात यह है कि इसी दुकान में पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है।
पीड़ित चतरेश सोनी पिता रमेश सोनी के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोर दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने दुकान और गोदाम में रखा कीमती किराना सामान समेट लिया। चोर पेट्रोल की कटिया और भूसा भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान के पीछे स्थित पहाड़ी और पथरीले रास्ते से फरार हो गए।
पहले भी हो चुकी है चोरी
पीड़ित ने बताया कि उनकी दुकान में इससे पहले भी करीब 10 से 15 हजार रुपए कीमत के सामान की चोरी हो चुकी है। दूसरी बार भी चोरों ने इसी तरह दीवार में सेंध लगाकर दुकान को निशाना बनाया। लगातार दो बार चोरी होने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और दुकान में रखा अधिकांश सामान चोर साफ कर ले गए।
घटना के बाद गांव के व्यापारियों और ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने चंदला थाना पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।




