टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित महाराजा होटल में रविवार देर रात अज्ञात चोर ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर किचन की दीवार में लगी एग्जॉस्ट (वेंटिलेशन) को तोड़कर होटल के अंदर घुसा और गल्ले में रखी करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होटल खुलने पर लगी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


होटल संचालक शिवम जैन ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे होटल पहुंचे तो किचन की दीवार में लगी एग्जॉस्ट टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखी करीब 1.40 लाख रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चोर ने पहले होटल की रेकी की और फिर सुनसान रात का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।