सागर, जीशान खान। पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में सागर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार मुख्य रूप से मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी खिलाकर जीत की खुशी साझा की गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य किया और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। पूरे क्षेत्र में “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।


कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने अहंकार और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए विकास और सुशासन के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व पर जनता के भरोसे की मुहर बताया।


विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से कुशासन से त्रस्त थी और अब उसने राष्ट्रहित में निर्णय लेते हुए बदलाव चुना है। वहीं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने इसे कार्यकर्ताओं के समर्पण और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों की जीत बताया। महापौर संगीता तिवारी और नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता, मातृशक्ति सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।