पटना। भाजपा नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा है। पटना में मंत्री रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका विदेश जाना कोई नई बात नहीं है। वहीं, दिल्ली में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब भी वह विदेश जाते हैं, तो भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भाजपा की ओर से अखिलेश यादव को चुनावी हिंदू बताए जाने के सवाल पर कहा कि भाजपा सही कह रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के पक्ष में चुनावी नतीजे आने वाले हैं। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को भी इस बात का अंदाजा है कि आने वाले समय में उनका राजनीतिक भविष्य कैसा रहने वाला है।
रामकृपाल यादव ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव एक सोची-समझी रणनीति और राजनीतिक मकसद के तहत राम मंदिर जा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान हुई गोलीबारी और रामभक्तों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में कई निर्दोष रामभक्तों की शहादत हुई थी। अखिलेश यादव अब उस पाप को धोने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कभी धोया नहीं जा सकता।
राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से विदेश यात्राएं करते रहे हैं। जब से वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने हैं, तब से ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी हर दो-चार या छह महीने में विदेश जाने की उनकी आदत रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी वियतनाम जाते हैं, तो कभी अमेरिका या किसी अन्य देश का दौरा करते हैं। रामकृपाल यादव ने सवाल उठाया कि आखिर विदेश में ऐसी कौन-सी बात है, जिसके लिए राहुल गांधी बार-बार जाते हैं? क्या वह वहां अध्ययन करने जाते हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सवाल केवल उनके नहीं हैं, बल्कि आम लोगों के बीच भी इस तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राहुल गांधी के विदेश दौरों के पीछे क्या वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इन यात्राओं को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं और एक दिन इनका रहस्य सामने आ जाएगा।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर कुछ नया नहीं करेंगे। इतिहास गवाह है कि जब-जब वह विदेश गए हैं, तब-तब उन्होंने भारत के खिलाफ बयानबाजी की है।
खंडेलवाल ने शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी उनसे किसी नई बात की उम्मीद नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है, तब राहुल गांधी संसद का सामना करने के बजाय सड़कों पर अपनी बात रखते हैं। वहीं, विदेश जाकर भारत के खिलाफ बोलते हैं। राहुल गांधी का यह रवैया और उनका दृष्टिकोण समझ से परे है। यही वजह है कि जनता उन्हें स्वीकार नहीं करती।
मदर डेयरी की ओर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने पर भी भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि मदर डेयरी जिस तरह से दूध का संग्रह करती है, उसे देखते हुए संभव है कि कीमतों में हुई बढ़ोतरी का फायदा किसानों और दूध उत्पादकों को मिलता है। दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इसकी सही जानकारी मदर डेयरी के संचालक ही दे सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, तो इससे दूध उत्पादकों को लाभ मिल सकता है।














