मुंबई (रोहित पाठक)। महाराष्ट्र के मुंबई-भिवंडी स्थित बागेश्वर बालाजी सनातन मठ में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा के दौरान बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यात्रा के तीसरे दिन आयोजित दिव्य दरबार में हजारों श्रद्धालु अपनी समस्याओं के समाधान और बागेश्वर सरकार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।


कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। मूसलाधार वर्षा के बीच भी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने आसन पर विराजमान रहे तथा बागेश्वर बालाजी एवं सन्यासी बाबा की कृपा से श्रद्धालुओं की अर्जी और परचे सुनने का क्रम लगातार जारी रखा।


बारिश तेज होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और विश्वास कम नहीं हुआ। हजारों भक्त छाते लेकर अथवा बारिश में भीगते हुए पूरे मनोयोग से दिव्य दरबार में डटे रहे। लगभग आधे घंटे तक लगातार हुई वर्षा भी उनकी आस्था को डिगा नहीं सकी।


सनातन मठ परिसर में उस समय भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। एक ओर बागेश्वर सरकार निरंतर दिव्य दरबार का संचालन करते रहे, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालु अटूट श्रद्धा और विश्वास के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यह दृश्य इस बात का प्रतीक बना कि सच्ची भक्ति और आस्था के सामने प्रकृति की चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। श्रद्धालुओं ने इसे बागेश्वर बालाजी की विशेष कृपा बताते हुए दिव्य अनुभव की संज्ञा दी।