पटना। पूर्व कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने परिवारवाद के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तीखा हमला बोला। शनिवार को उन्होंने कहा कि भाजपा में ही 15-20 ऐसे मंत्री हैं, जो राजनीतिक परिवारों से आते हैं और नितिन नवीन के पिता भी राजनीति में थे। शकील अहमद ने कहा कि सत्ता पक्ष बौखलाया हुआ है, इसलिए विपक्ष से सवाल कर रहा है, जबकि होना उल्टा चाहिए।पूर्व कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने कहा, " मैं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष महोदय से कहना चाहता हूं कि भाजपा में कम से कम 15-20 ऐसे लोग हैं जो मंत्री भी हैं और राजनीतिक परिवारों से आते हैं। खुद नितिन नवीन के पिता भी राजनीति में थे। वे भी किसी राजनीतिक परिवार से ही आते हैं। बेटे, भतीजे, पत्नी, पूरा परिवार राजनीति में है।"
उन्होंने कहा कि अगर आप परिवारवाद की बात करेंगे तो अमित शाह ने किस आधार पर बिना कभी क्रिकेट का बल्ला पकड़े हुए जय शाह को बीसीसीआई का अध्यक्ष बना दिया? किस तरह राजनाथ सिंह ने अपने बेटे को स्थापित कर दिया? महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ऐसे परिवार से आते हैं, जिनके पिता भी राजनीति में थे, इसलिए यह कोई प्रश्न ही नहीं है।
पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि सवाल यह है कि ये लोग परेशान हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि हम इनको सोने नहीं देंगे। क्या इतिहास में कभी देखा है कि जिसकी सरकार हो, वही विपक्ष के खिलाफ मोर्चा निकाल रही हो, विपक्ष से सवाल कर रही हो? जबकि दुनिया में हमेशा यह होता है कि विपक्ष सरकार से सवाल करता है। संसद में सवाल करता है, बाहर सवाल करता है, जलसे करता है, जुलूस निकालता है और जनता के सवालों को प्रमुख मुद्दा बनाकर सामने रखता है लेकिन उसका जवाब इनके पास है नहीं। इसलिए राहुल गांधी ने यह बयान दिया था कि हमारे कार्यों से, विपक्ष के कार्यों से सत्ता पक्ष बौखलाया हुआ है, परेशान है, उसकी रातों की नींद हराम हो चुकी है। इन्होंने भारत को, जिसे हम मदरलैंड मानते हैं, फादरलैंड कहा था। प्रधानमंत्री ने इजरायल को फादरलैंड कहा था। जिसको फादरलैंड कहा गया, वही चुनाव हार गए।
उन्होंने कहा कि यह हार की तरफ बढ़ने वाली पार्टी है। अब यह लोगों की परेशानियों पर क्या बात करेगी? जब हम लोगों की समस्याओं को सामने रखते हैं तो उससे यह परेशान हो जाते हैं। सत्ता पक्ष के जितने वादे रहे, पिछले 12-13 वर्षों में लगभग सभी विफल हुए हैं और नितिन नवीन तो स्वयं अपनी सीट हार चुके हैं। आप समझ रहे हैं कि स्थिति क्या है।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की क्राइम और अपराध वाली टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि ये किस तरह की भाषा बोलते हैं, इन्हें शब्दों का भी ज्ञान नहीं है, शब्दकोश का भी ज्ञान नहीं है। इस तरह से प्रदेश चलाया जा रहा है। इसलिए उनकी बातों का कोई आधार नहीं है। हम उनकी बातों को बहुत ज्यादा गंभीरता से लेते भी नहीं हैं।

















