इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) की महिला इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 40 वर्षीय आरती यादव ने शुक्रवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली थी। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वेंटिलेटर पर उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। मामले में अब मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों सहित बच्चियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


पुलिस के अनुसार आरती यादव पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर थीं और सरकारी आवास में रहती थीं। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते मौत के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट का भी इंतजार है।


मृतका के परिजनों ने बताया कि आरती यादव की शादी वर्ष 2012 में नीलेश यादव से हुई थी, जो स्वयं भी पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही आरती को पति द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के भाई ने पति पर हत्या करने तथा ससुर को पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।


पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मृतका की दोनों बच्चियों सहित परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।