टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। टीकमगढ़ में नवागत एसडीओपी सौरव रत्नाकर ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने शहर का भ्रमण कर रावण दहन स्थल और विभिन्न देवी पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इसके साथ ही मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिस बल को अलर्ट रहने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने के निर्देश दिए, ताकि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
अवैध गतिविधियों पर कसा जाएगा शिकंजा, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर रहेगा जोर
क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने की रणनीति साझा करते हुए एसडीओपी ने बताया कि त्योहारों के बाद अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता दर्ज अपराधों का समय पर निराकरण कर पीड़ितों को न्याय दिलाना और अपराधियों को सजा दिलाना होगी। इसके लिए पुलिस टीम को मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान
वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते डिजिटल और साइबर अपराधों को देखते हुए नवागत एसडीओपी ने जनजागरूकता पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी से आम जनता को बचाने के लिए पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को साइबर सुरक्षा के तरीकों और सावधानियों के प्रति शिक्षित करना पुलिस प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
















