कटनी, सुमित पाण्डेय। NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का आक्रोश अब कटनी तक पहुंच गया है। शनिवार को जिले के फॉरेस्टर ग्राउंड में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा एकत्रित हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों वाले पोस्टर लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक कथित घोटाले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


छात्रों ने केंद्र सरकार के समक्ष अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही, कथित पेपर लीक और धांधली में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा NEET परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ दोबारा आयोजित कराने की मांग भी उठाई।


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। छात्रों ने कहा कि वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।