छतरपुर, संतोष शिवहरे। ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बंधीकलां में स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूल से ध्वजारोहण कर घर लौट रहे दो सगे भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही तीन युवकों ने मोटरसाइकिल रोककर दोनों छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में 19 वर्षीय पवन कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया, जबकि उसके 15 वर्षीय भाई रामस्वरूप के शरीर पर भी चोटें आई हैं। पीडि़त परिवार ने ग्रामीणों के साथ गुरूवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय दिलाने की मांग की है।
पीडि़तों के अनुसार, दोनों भाई 15 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे शासकीय उच्चतर उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बंधीकलां में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से घर लौटते समय आयुष तिवारी, दिवश तिवारी और गोलू तिवारी ने कथित तौर पर रास्ते में अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि तीनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दिवश तिवारी ने कथित रूप से पत्थरनुमा गुम्मा उठाकर पवन के सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी कुछ दूर जाने के बाद दोबारा लौटे और छोटे भाई रामस्वरूप के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की।
पीडि़तों का आरोप है कि आरोपियों ने घटना की शिकायत पुलिस से करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में परिवार की एक छात्रा के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद दोनों भाइयों ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीडि़तों ने आरोपियों से अपनी और परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की जांच और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।




