मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश में गर्मी का सितम इस कदर हावी है कि अब केवल इंसान ही नहीं, बल्कि बिजली की मशीनें भी बेहाल होने लगी हैं। मंदसौर जिले से एक बेहद अनोखा नजारा सामने आया है, जहां विद्युत विभाग ने ट्रांसफॉर्मर को ओवरहीटिंग से बचाने के लिए उसके सामने कूलर लगा दिया है। सड़क किनारे कूलर की हवा में "ठंडा" हो रहे इस ट्रांसफॉर्मर को देखकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं।


मशीनों को भी चाहिए अब ठंडी हवा

मंदसौर के चंबल कॉलोनी क्षेत्र स्थित विद्युत ग्रिड में यह अनोखा प्रयोग देखने को मिला है। भीषण गर्मी और लू के चलते बिजली की खपत में भारी इजाफा हुआ है, जिसके कारण ट्रांसफॉर्मर पर लोड बढ़ गया है। लगातार 24 घंटे बिजली सप्लाई के दबाव में ट्रांसफॉर्मर अत्यधिक गर्म (ओवरहीट) होकर बार-बार ट्रिप हो रहे थे। बार-बार होने वाले फॉल्ट और बिजली कटौती से बचने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने यह 'देसी जुगाड़' अपनाया और ट्रांसफॉर्मर के पास कूलर लगा दिया।


सिस्टम को फेल होने से बचाने की कोशिश

विद्युत विभाग के अधिकारियों का मानना है कि तापमान 43-44 डिग्री के पार पहुंचने से तेल से भरे ये ट्रांसफॉर्मर जल्दी गर्म हो जाते हैं, जिससे आग लगने या आंतरिक खराबी आने का डर रहता है। कूलर की ठंडी हवा से ट्रांसफॉर्मर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है, ताकि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित न हो।


चर्चा का विषय बना विभाग का कदम

चंबल कॉलोनी क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों के लिए यह दृश्य कौतूहल का विषय बना हुआ है। लोग रुक-रुक कर कूलर की हवा खा रहे ट्रांसफॉर्मर की तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी मशीन को इस तरह इंसानों की तरह कूलर का आनंद लेते देखा है। हालांकि, विभाग का यह तरीका फिलहाल कारगर साबित हो रहा है और क्षेत्र में बिजली की ट्रिपिंग की समस्या में कमी आई है।