नई दिल्ली। बॉलीवुड की सदाबहार रोमांटिक फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (डीडीएलजे) का जादू आज भी दुनियाभर के लोगों के सिर चढ़कर बोलता है। भारत में स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन भी इस फिल्म की यादों में खोए नजर आए। उन्होंने फिल्म का मशहूर डायलॉग ‘छोटे-छोटे शहरों से…’ बोलते हुए वीडियो साझा किया और शाहरुख खान तथा काजोल अभिनीत इस फिल्म को सदाबहार रोमांटिक क्लासिक बताया।शनिवार को मैक्सियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, " यह ब्लॉकबस्टर फिल्म भारत में बिताए उनके वर्षों की यादें ताजा कर देती है। 1995 में रिलीज हुई ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ एक ऐसी रोमांटिक फिल्म है, जो समय के साथ अपनी लोकप्रियता बनाए हुए है।"
इसके साथ ही एक वीडियो क्लिप शेयर की। जिसमें वो कार ड्राइव करते हुए मशहूर संवाद अपने अंदाज में सुनाया। बोले, "कोई बात नहीं सेनोरिटा, बड़े-बड़े शहरों में छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं।"
1995 में फिल्म रिलीज हुई थी। इसमें शाहरुख खान ने राज मल्होत्रा और काजोल ने सिमरन सिंह की भूमिका निभाई थी। दोनों की प्रेम कहानी, परिवार के प्रति सम्मान और यूरोप से पंजाब तक पहुंचने वाला सफर फिल्म की पहचान बन गया। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में रोमांस को एक नई पहचान दी और कई पीढ़ियों के दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई।
फिल्म का ‘छोटे-छोटे शहरों से…’ वाला संवाद आज भी इसके सबसे यादगार डायलॉग में गिना जाता है। राज के अंदाज में बोले गए इस संवाद ने फिल्म के किरदार और उसकी कहानी को दर्शकों की स्मृतियों में खास जगह दी है।
मैक्सियन अपने आधिकारिक अकाउंट के जरिए भारत की खूबसूरती, भाषा और विविधता को अक्सर सराहते नजर आते हैं। जून में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा की थी तो उन्होंने एक्स पोस्ट पर एक वीडियो संदेश जारी कर हिंदी में पीएम का स्वागत किया था। उन्होंने कहा, "भारत और स्लोवाकिया के संबंधों में एक ऐतिहासिक अवसर है। आशा है कि उनकी ये यात्रा भारत और स्लोवाकिया के रिश्तों को और मजबूत करेगी।"
















