धरमजयगढ़/रायगढ़, रोहित तिर्की। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोन्धा में एक मकान के अंदर बुजुर्ग दंपति के जले हुए शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों एवं डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना दुर्घटना है, आत्महत्या है या इसके पीछे किसी आपराधिक वारदात की आशंका है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।




