शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने अपने राजनीतिक फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह उनकी दादी स्वर्गीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने तत्कालीन मुख्यमंत्री डीपी मिश्रा को सबक सिखाया था, उसी तरह उन्होंने भी कांग्रेस को सबक सिखाया।
25 विधायकों के साथ छोड़ी थी कांग्रेस
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद के घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अन्य कारणों से उन्होंने अपने 25 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया था। इनमें छह मंत्री भी शामिल थे। सभी विधायकों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी।
सुरेश धाकड़ को मंत्री बनाने का किया जिक्र
कार्यक्रम में सिंधिया ने बताया कि उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पोहरी विधायक सुरेश धाकड़ को लोक निर्माण विभाग का राज्य मंत्री बनाया था। इसके बाद क्षेत्र की खराब सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए उल्लेखनीय काम हुआ।
किसान सम्मान निधि और बोनस पर भी बोले सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ने किसान सम्मान निधि और किसानों को मिलने वाले बोनस का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि के साथ प्रदेश सरकार की ओर से मिलने वाली बोनस राशि भी भाजपा सरकार के कारण किसानों तक पहुंच रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होती तो किसानों को बोनस की राशि कहां से मिलती।
लाड़ली बहना योजना का भी किया जिक्र
सिंधिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना जैसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे प्रदेश में विकास की गति को आगे बढ़ाने का काम हुआ है। दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नाम पर स्थापित आधुनिक निजी माधव ज्योति इंटरनेशनल स्कूल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, कांग्रेस छोड़ने के फैसले और भाजपा सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।

















