मॉस्को। रूस की सीमा से महज तीन समुद्री मील दूर फिनलैंड की खाड़ी के तटस्थ जलक्षेत्र में कालिनिनग्राद जा रहे एक मालवाहक जहाज पर दो ड्रोन से हमला किया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोज्देंको ने शनिवार को बताया कि जहाज के चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोजडेनको ने मैक्स चैनल पर लिखा, "रूस की सीमा से तीन समुद्री मील दूर फिनलैंड की खाड़ी के तटस्थ जलक्षेत्र में कालिनिनग्राद जा रहे एक मालवाहक जहाज पर दो मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) से हमला किया गया।"

हमले के कारण हुए नुकसान और उसके प्रभावों का आकलन किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि जहाज में पेंट और वार्निश से संबंधित सामग्री लदी हुई थी।

उधर, कालिनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर एलेक्सी बेस्प्रोजवानीख ने कहा कि इस घटना से क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था पर कोई खतरा नहीं है।उन्होंने बताया कि वह लगातार लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर और रूस की फेडरल एजेंसी फॉर मैरीटाइम एंड रिवर ट्रांसपोर्ट के संपर्क में हैं।

बेस्प्रोजवान्निख ने कहा, "क्षेत्र की आपूर्ति पर कोई खतरा नहीं है। मैं स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हूं और यह मामला मेरे व्यक्तिगत नियंत्रण में है।"

इस बीच, 'तास ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवाओं के एक सूत्र के हवाले से बताया कि फिनलैंड के हवाई यातायात नियंत्रकों ने अपनी जिम्मेदारी वाले पूर्वी फिनलैंड की खाड़ी के ऊपर लगाए गए अस्थायी उड़ान प्रतिबंधों की अवधि बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 किलोमीटर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरने वाले विमानों के लिए लागू यह प्रतिबंध अब मॉस्को समयानुसार दोपहर करीब तीन बजे तक जारी रहेगा।

सूत्रों के अनुसार, ये प्रतिबंध पहले सुबह 9 बजे तक लागू रहने वाले थे, लेकिन बाद में इन्हें बढ़ा दिया गया, हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई गई है।

इससे पहले रूस की फेडरल एयर ट्रांसपोर्ट एजेंसी ने भी लेनिनग्राद क्षेत्र के कुछ इलाकों में अस्थायी हवाई क्षेत्र प्रतिबंध लागू होने की जानकारी दी थी। इन प्रतिबंधों का असर कालिनिनग्राद आने-जाने वाली उड़ानों के मार्गों पर पड़ सकता है। फिलहाल हमले की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।