इंदौर, रविकांत वर्मा। एमआईजी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती की पहचान मारिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब आठ दिन पहले उसके मंगेतर ने शादी से इनकार करते हुए सगाई तोड़ने की बात कही थी, जिसके बाद से वह तनाव में थी।


मारिया के पिता उमर शेख ने पुलिस को बताया कि 15 जून 2025 को उनकी बेटी की आजाद नगर निवासी सोहेल उर्फ साहिल से सगाई हुई थी और इसी साल दोनों की शादी की तैयारी चल रही थी। परिवार का आरोप है कि सोहेल ने फोन पर कुछ आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया और सगाई तोड़ने की बात कही।


बुधवार देर रात मारिया की तबीयत बिगड़ने पर उसकी छोटी बहन को घटना की जानकारी हुई। परिजन उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर एमआईजी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।