भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध टीटी नगर दशहरा मैदान में विजयादशमी पर्व परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया। रावण दहन के इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक मैदान में पहुंचे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी सहित शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर नागरिकों को विजयादशमी की बधाई दी।

सांसद आलोक शर्मा का बड़ा बयान: टीटी नगर दशहरा मैदान को बचाने के लिए लेंगे संकल्प

विजयादशमी समारोह के दौरान भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने मैदान के संरक्षण को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि भोपाल शहर में टीटी नगर दशहरा मैदान जैसा कोई अन्य स्थान उपलब्ध नहीं है, जहां इस प्रकार के विशाल सामाजिक, धार्मिक और सामूहिक आयोजन सुचारू रूप से किए जा सकें। इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों और शहर के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए संभालकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अतिक्रमण की चपेट में मैदान, जनप्रतिनिधि मिलकर करेंगे सुरक्षित करने का प्रयास

मैदान की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए सांसद ने कहा कि पूरा टीटी नगर दशहरा मैदान दिनों-दिन अतिक्रमण की चपेट में आता जा रहा है। ऐसे में इस सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने घोषणा की कि हर साल इस ऐतिहासिक मैदान को बचाने और इसे अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सभी जनप्रतिनिधित्व और नागरिक मिलकर एकजुट प्रयास करेंगे, ताकि शहर का यह मुख्य केंद्र सुरक्षित रह सके।