सतना, सजल कुमार रजक। हवाई पट्टी के विस्तार को लेकर शनिवार को आदर्श नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम और स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस अमले ने जेसीबी की मदद से करीब 18 मकानों से कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और एसडीएम के सामने आरती उतारकर तंज कसा, जबकि जेसीबी का शीशा टूटने के मामले में पुलिस ने भाजपा के पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला को हिरासत में ले लिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि पूर्व पार्षद नीरज शुक्ला ने जेसीबी की ओर पत्थर फेंका, जिससे मशीन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दूसरी ओर, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा समर्थकों के साथ पहुंचे और गरीबों के मकान तोड़ने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। एसडीएम राहुल सिलाडिया से तीखी नोकझोंक के बाद विधायक ने आरती की थाली मंगवाई और एसडीएम की आरती उतारते हुए कटाक्ष किया, "देखो, गरीबों के भगवान आए हैं।"


विधायक ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकारी भूमि पर निर्माण हो रहे थे, तब जिम्मेदार विभागों ने समय रहते उन्हें क्यों नहीं रोका। उन्होंने मांग की कि अतिक्रमण हटाने से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जाए, वैकल्पिक आवास व जमीन दी जाए, मुआवजा मिले और मकान बनाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। उधर, नगर निगम कर्मचारी सुनील बाल्मीक को लेकर भी सरकारी जमीन पर मकान बनाकर किराए पर देने और विरोध को बढ़ावा देने के आरोप चर्चा में रहे, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन के अनुसार सतना हवाई पट्टी की लंबाई वर्तमान में 1200 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 1800 मीटर किया जाना है। विस्तार योजना के तहत कुल 92 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं, जिनमें आदर्श नगर के 65 और उतैली बाईपास की ओर के 27 निर्माण शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं और शेष प्रभावित लोगों को सोमवार तक खुद अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।