छतरपुर, संदीप यादव। शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सटई रोड पर आपस में लड़ रहे श्वानों के झुंड के अचानक सामने आ जाने से एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका 7 वर्षीय मासूम बेटा घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सटई रोड पर रहने वाले पप्पू पाल अपनी पत्नी अनीता पाल और 7 वर्षीय बेटे अंश पाल को बाइक से स्कूल छोडऩे जा रहे थे। अंश संस्कार स्कूल में कक्षा दूसरी का छात्र है। रास्ते में सड़क पर आवारा कुत्तों का एक झुंड आपस में लड़ते हुए अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया। कुत्तों को बचाने के प्रयास में पप्पू पाल वाहन से नियंत्रण खो बैठे और बाइक सड़क पर फिसल गई। दुर्घटना में तीनों को चोटें आई हैं। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

कागजों तक सिमटी नगर पालिका की कार्रवाई

हादसे के बाद घायल परिवार और स्थानीय निवासियों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि शहर की मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन नगर पालिका की कार्रवाई केवल कागजों तक ही सीमित है। आए दिन कुत्तों के राहगीरों के पीछे दौडऩे, आपस में लडऩे से होने वाले सड़क हादसों और डॉग बाइट की घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।