इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह और गुटबाजी को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने दावा किया है कि इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) जीतू पटवारी के निवास पर आयोजित बैठक में कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की और हाथापाई के बीच मामला इतना बिगड़ गया कि बीच-बचाव करने आए जीतू पटवारी का कुर्ता तक फट गया। हालांकि, इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही कांग्रेस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।


इंदौर की बैठक में क्या हुआ? (राकेश सिंह यादव का दावा)

जानकारी के अनुसार, शनिवार को इंदौर में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर पर एक संगठनात्मक बैठक बुलाई गई थी।प्रमुख नेताओं की मौजूदगी: इस बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, पिंटू जोशी, अमन बजाज, दीपू यादव, राजू भदोरिया सहित कई अन्य स्थानीय नेता उपस्थित थे। चर्चा के दौरान संगठन में पदों और जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जिसने जल्द ही उग्र रूप ले लिया। दावा किया जा रहा है कि बैठक के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की होने लगी और एक नेता ने दूसरे पर कुर्सी उठाकर हमला करने का प्रयास भी किया। जब विवाद ज्यादा बढ़ा, तो जीतू पटवारी स्थिति को संभालने और बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी हाथापाई के दौरान उनका भी कुर्ता फट गया।


भाजपा प्रवक्ता ने X (ट्विटर) पर किया हमला

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कांग्रेस की अंतर्कलह पर तीखा हमला बोला। सूत्रों के दावे सही हैं, मध्य प्रदेश कांग्रेस की अंतर्कलह अब सार्वजनिक हो चुकी है। कांग्रेस को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पिंटू जोशी के बीच जूतमपैजार रोकने में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी का कुर्ता फट गया।


कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल यह पूरा मामला भाजपा प्रवक्ता के दावों और सूत्रों के हवाले से कही जा रही बातों पर आधारित है। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस पार्टी या उसके किसी वरिष्ठ नेता की ओर से इस घटना की आधिकारिक पुष्टि या खंडन सामने नहीं आया है।