खजुराहो (रोहित पाठक)। पर्यटन नगरी खजुराहो आने-जाने वाले हवाई यात्रियों और पर्यटन व्यवसायियों के लिए एक निराशाजनक खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी दिल्ली-खजुराहो उड़ान सेवा के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत 28 मार्च से 20 अप्रैल तक यह सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। वर्तमान में इंडिगो की यह फ्लाइट दिल्ली से खजुराहो और बनारस के बीच प्रतिदिन संचालित हो रही है, लेकिन नए शेड्यूल के कारण लगभग 24 दिनों तक खजुराहो का दिल्ली से हवाई संपर्क कटा रहेगा।


21 अप्रैल से नया शेड्यूल

20 अप्रैल के बाद जब उड़ानें पुनः शुरू होंगी, तब भी यात्रियों को दैनिक सेवा का लाभ नहीं मिल पाएगा। 21 अप्रैल से 30 जून तक यह फ्लाइट सप्ताह में केवल तीन दिन— सोमवार, मंगलवार और शनिवार को ही संचालित की जाएगी। इस दौरान यह विमान दोपहर 12:15 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुँचेगी और आधे घंटे के ठहराव के बाद दोपहर 12:45 बजे वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी।


पर्यटन व्यवसाय पर पड़ेगा असर

महत्वपूर्ण बात यह है कि इस संशोधित अवधि में यह सेवा केवल दिल्ली और खजुराहो के बीच ही सीमित रहेगी, यानी बनारस के लिए कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं होगी। गर्मी के सीजन की शुरुआत में फ्लाइट्स की संख्या घटने और लगभग एक महीने तक सेवाएं ठप रहने से पर्यटन कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। खजुराहो के होटल संचालकों और गाइडों का मानना है कि हवाई कनेक्टिविटी कम होने से विदेशी और हाई-प्रोफाइल पर्यटकों की संख्या में कमी आ सकती है।