बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की रहने वाली प्रियंका सेंगर की एक आंख का दिल्ली में सफल ऑपरेशन हो गया है। बचपन में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद प्रियंका की एक आंख की रोशनी चली गई थी। बरसों बाद इलाज मिलने पर प्रियंका ने प्लेन से घर लौटते समय एक भावुक वीडियो शेयर कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया है।
राहुल गांधी ने कार्यक्रम में देखा था दर्द, दिया था इलाज का भरोसा
19 अक्टूबर को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रियंका सेंगर ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की नजर प्रियंका की आंख पर पड़ी और उन्होंने इसकी वजह पूछी। प्रियंका ने बताया था कि जब वह केवल तीन साल की थीं, तब आंख में चूना चले जाने के कारण उनकी रोशनी चली गई थी। राहुल गांधी ने उसी वक्त प्रियंका को आश्वासन दिया था कि उनकी आंख का बेहतर से बेहतर इलाज कराया जाएगा। इसके बाद राहुल गांधी की दिल्ली टीम और प्रदेश कांग्रेस नेताओं (जीतू पटवारी, विधायक विक्रांत भूरिया व समाजसेवी सरदार नरगावे) के समन्वय से प्रियंका को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां उनका सफल ऑपरेशन हुआ।
3 साल की उम्र में गंवाई थी रोशनी, आर्थिक तंगी बनी थी रोड़ा
प्रियंका बड़वानी जिले की सेंधवा तहसील के पाडछा गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता उदय सिंह सेंगर एक छोटे किसान हैं, जिनके पास महज 3 एकड़ जमीन है। सिंचाई के साधनों की कमी और आर्थिक तंगी के कारण परिवार प्रियंका का महंगा इलाज कराने में असमर्थ था। 12वीं में पढ़ाई के दौरान बड़ौदा में एक ऑपरेशन हुआ था, लेकिन दूसरे ऑपरेशन का खर्च परिवार नहीं उठा सका। इसके बावजूद प्रियंका ने हिम्मत नहीं हारी और वर्तमान में वे इंदौर में रहकर यूजीसी-नेट (UGC-NET) की तैयारी कर रही हैं।
हॉस्टल की अव्यवस्थाओं पर भी उठाई थी आवाज
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रियंका ने न केवल अपनी आंख की समस्या बताई थी, बल्कि आदिवासी क्षेत्रों के सरकारी हॉस्टलों की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था: उन्होंने बताया कि कक्षा 1 से 12वीं तक हॉस्टल में पढ़ाई के दौरान कई बार सही खाना नहीं मिलता था, जिसके कारण उन्हें घर से लाई लाल मिर्च की चटनी और रोटी खाकर दिन काटने पड़ते थे। उन्होंने हॉस्टल वार्डन द्वारा छात्राओं से काम कराए जाने की शिकायत भी राहुल गांधी के सामने रखी थी।
थैंक यू राहुल भैया — फ्लाइट से वीडियो जारी कर जताई खुशी
ऑपरेशन के बाद दिल्ली से घर लौटते समय प्रियंका ने फ्लाइट के अंदर से एक वीडियो जारी किया। अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रियंका ने लिखा, ‘थैंक यू राहुल भैया’। प्रियंका को उम्मीद है कि अब वे दोनों आंखों से दुनिया देखकर अपनी पढ़ाई पूरी करेंगी और अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।
















