भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षकों से जुड़े अहम TET प्रकरण में बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार द्वारा दायर रिव्यू याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के लिए तारीख तय कर दी है। कोर्ट ने मामले को ओपन कोर्ट में सुनवाई के लिए स्वीकार करते हुए 13 मई को दोपहर 2 बजे सुनवाई निर्धारित की है। इस फैसले को शिक्षकों के पक्ष में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अब उन्हें अपना पक्ष विस्तार से रखने का मौका मिलेगा। यह सुनवाई मुख्य न्यायाधीश की अनुमति के अधीन होगी, जिससे मामले के पुनर्विचार की संभावना भी बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए यह कानूनी पहल की है। सीएम ने कहा है कि सरकार शिक्षकों के अधिकारों और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखा जाएगा। गौरतलब है कि 17 अप्रैल को मध्यप्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की थी, जिसमें शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य बताया गया था। इस फैसले के बाद विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं। सरकार का मानना है कि न्यायालय में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर शिक्षकों को राहत मिल सकती है। अब 13 मई की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जिससे इस पूरे मामले की आगे की दिशा तय होगी।

