हैदराबाद। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता वेंकटेश की आने वाली फिल्म 'आदर्श कुटुंबम हाउस नंबर 47- एके 47' की रिलीज डेट बदल दी गई है। इस फिल्म का निर्देशन त्रिविक्रम श्रीनिवास ने किया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। ऐसे में फैंस उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।इस बीच अब मेकर्स ने ऐलान किया है कि फिल्म 30 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले फिल्म की रिलीज के लिए 2 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 9 अक्टूबर कर दिया गया था। अब मेकर्स ने एक बार फिर रिलीज डेट में बदलाव करते हुए फिल्म को 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में लाने का फैसला किया है।
फिल्म का निर्माण कर रही कंपनी हारिका एंड हसीन क्रिएशंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नई रिलीज डेट की जानकारी दी। प्रोडक्शन हाउस ने लिखा, ''इस तारीख पर मार्क लगा लीजिए और एक शानदार सिनेमाई अनुभव के लिए तैयार हो जाइए। 'आदर्श कुटुंबम' 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आ रही है। सभी को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं।''
अभिनेता वेंकटेश ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने फैंस को दशहरे की बधाई देते हुए फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया। उन्होंने लिखा, ''दो दशक बाद श्रीनु के साथ फिर से काम करना मेरे लिए बेहद खास है। हम आपके लिए मनोरंजन से भरपूर फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसमें कॉमेडी, एक्शन और भी बहुत कुछ होगा। 30 अक्टूबर को अपने परिवार और दोस्तों के साथ सिनेमाघरों में मिलते हैं। दशहरे की शुभकामनाएं।''
फिल्म में वेंकटेश के साथ अभिनेत्री श्रीनिधि शेट्टी भी नजर आएंगी। फिल्म का टाइटल पिछले साल दिसंबर में जारी किया गया था। शुरुआत में फिल्म 'वेंकी 77' नाम से चर्चा में रही थी। इस फिल्म से दर्शकों से काफी उम्मीदें हैं। इसकी एक बड़ी वजह वेंकटेश और निर्देशक त्रिविक्रम की जोड़ी है। वेंकटेश की पिछली फिल्म 'संक्रांतिकि वस्तुनम' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।















