मुंबई। भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने इस नवरात्रि पर विभिन्न धार्मिक स्थलों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर मां दुर्गा की आराधना की। वहीं, नवमी के अवसर पर उनकी मां ने उन्हें एक प्यारा सा सरप्राइज देकर दिन को और भी खास बना दिया।
दरअसल, नवरात्रि के नौवें दिन घरों और मंदिरों में कन्या पूजन (कंजक) किया जाता है तथा माता के सम्मान में हवन किया जाता है, जिसके बाद नवरात्रि का समापन होता है। अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बताया कि नवमी के अवसर पर मां उनका कन्या पूजन किया।
अभिनेत्री ने कन्या पूजन का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें उनकी मां उनका कन्या पूजन करती नजर आ रही हैं। वीडियो में उनकी मां उनके पैरों को साफ करती हैं, फिर उन पर आलता, माथे पर टीका, चूढियां पहनाती हैं और आखिर में चुनरी ओढ़ाकर कन्या पूजन करती हैं।
अभिनेत्री ने पोस्ट के जरिए बताया कि यह परंपरा उनकी मां हर साल निभाती हैं और इस बार भी वह उनके इंतजार में थीं और अभिनेत्री नवमी के दिन पहुंच गईं। अक्षरा सिंह ने लिखा, "आज नवमी पर मुंबई स्थित घर पहुंची, तो मम्मी अपनी आखिरी कन्या के पूजन के लिए मेरा इंतजार कर रही थीं और वो कन्या मैं हूं। हर साल की तरह इस बार भी ये रस्म छूटने नहीं दी आते ही ऐसा सरप्राइज मिला कि मन भर आया। मां के लिए हम हमेशा उनकी छोटी-सी कन्या ही रहते हैं चाहे कितने भी बड़े हो जाएं। मम्मी सब कुछ देने के लिए आपका शुक्रिया।"
अभिनेत्री का यह वीडियो फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। सभी यूजर्स अक्षरा और उनके मां के स्नेह की जमकर सराहना कर रहे हैं।
अभिनेत्री ने नवरात्रि के पावन पर्व पर उनका नया देवी गीत 'दुर्गा मैया से सीख न धूल फूल चटावे के' (गीतकार मनोज भावुक) उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं, अक्षरा सिंह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और पटना में आयोजित विभिन्न नवरात्रि व डांडिया कार्यक्रमों में शामिल हुईं, जहां उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।















