• ESB और MPPSC के जरिए 2026 में विज्ञापनों और भर्तियों को पूरा करने का लक्ष्य
• 10 साल बाद प्रमोशन पाए 1 लाख कर्मचारियों के खाली पद भी गणना में शामिल
भोपाल। मध्यप्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े 85 हजार पदों को भरने की कवायद ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि इन पदों के साथ-साथ हाल ही में अधिकारियों व कर्मचारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) के चलते खाली हुए पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर भरा जाएगा।
सरकारी दफ्तरों में मानव संसाधन की कमी से कामकाज प्रभावित होने की शिकायतों के बाद सरकार ने दिसंबर 2025 में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को तेज करने का निर्णय लिया था। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) से विभागवार खाली पदों का ब्योरा लेने के उपरांत मुख्यमंत्री ने करीब एक लाख पदों पर भर्ती के दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत कर्मचारी चयन मंडल (ESB), मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) तथा एमपी ऑनलाइन के माध्यम से वर्ष 2026 में विज्ञापनों को जारी करने और चयन प्रक्रिया को पूरा करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
आंगनबाड़ी में 2548 पदों पर भी प्रक्रिया जारी
भर्ती एजेंसियों के माध्यम से चल रही इस मुहिम में एमपी ऑनलाइन के जरिए महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 781 पद और आंगनबाड़ी सहायिका के 1767 पदों समेत कुल 2,548 पदों पर भर्ती की कार्रवाई भी की गई है।
पहले प्रमोशन, अब पदोन्नति से रिक्त पदों की गिनती
प्रदेश में करीब दस साल से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया को भी हरी झंडी दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) के पहले चरण के बाद लगभग एक लाख अधिकारियों व कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इन पदोन्नतियों के फलस्वरूप खाली हुए पदों की गणना भी कराई जा रही है। सरकार इन रिक्तियों का पूरा आंकड़ा जुटाकर संबंधित विभागों को भर्ती के नए निर्देश जारी करेगी, जिससे युवाओं के लिए अवसरों का दायरा और बढ़ेगा।
कर्मचारी संगठन की मांग: भर्ती प्रक्रिया लगातार चलती रहे
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री उमाशंकर तिवारी का कहना है कि रिक्त पदों को भरना अत्यंत जरूरी है, परंतु इसे एकमुश्त अभियान तक सीमित न रखकर सतत प्रक्रिया बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घोषणाओं के बाद कई बार विभागीय स्तर पर लेटलतीफी होती है, इसलिए प्रशासन को चाहिए कि वह कर्मचारियों की समस्याओं और भर्ती प्रक्रिया को निरंतर जारी रखे।
2026 में किन पदों पर होंगी भर्तियां
1. कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के जरिए प्रस्तावित प्रमुख भर्तियां:
- पुलिस आरक्षक (जीडी): 7,500 पद
- ग्रुप-2 सब ग्रुप-1, कृषि विस्तार अधिकारी: 2,784 पद
- ग्रुप-2 सब ग्रुप-4 (पटवारी दिव्यांग, एएसआई मंडी, मंडल संयोजक समेत अन्य): 2,506 पद
- उप अंकेक्षक, सहायक संपरीक्षक, कनिष्ठ लेखाधिकारी, कनिष्ठ सहायक: 2,506 पद
- नर्सिंग ऑफिसर: 2,099 पद
- वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी, जेल अधीक्षक: 2,062 पद
- हॉस्पिटल असिस्टेंट: 1,041 पद
- आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर: 868 पद
- सूबेदार और एएसआई (अनुसचिवीय): 655 पद
- सूबेदार और सब इंस्पेक्टर: 507 पद
- स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य: 329 पद
2. मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के जरिए प्रस्तावित भर्तियां:
- सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor): 949 पद
- राज्य सेवा परीक्षा: 155 पद
(डिप्टी कलेक्टर- 17, डीएसपी- 18, नायब तहसीलदार- 4, जनपद सीईओ- 15, विकासखंड महिला सशक्तिकरण अधिकारी- 39 समेत कुल 155 पद) - सहायक जिला अभियोजन अधिकारी (ADPO): 107 पद
- सहायक निदेशक: 71 पद
- राज्य वन सेवा: 36 पद




