चंडीगढ़। इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के इंजीनियरिंग विभाग ने प्रतिनियुक्ति के आधार पर जूनियर इंजीनियर के कुल 10 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी 10 रिक्तियों में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 5 और जूनियर इंजीनियर (पब्लिक हेल्थ) के 5 पद शामिल हैं। इन सभी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक तय की गई है।

ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए। वहीं, प्रतिनियुक्ति के लिए केंद्र सरकार/राज्य सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों/अर्ध-सरकारी/स्वायत्त या वैधानिक संगठनों के कर्मचारी, जो नियमित आधार पर जूनियर इंजीनियर या इसी तरह के पद पर कार्यरत हैं और जिनके पास जरूरी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव है, आवेदन करने के पात्र हैं।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले चंडीगढ़ प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें।

इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'मुख्य अभियंता, इंजीनियरिंग विभाग, केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़, पहली मंजिल, डीलक्स बिल्डिंग (पुराना यू.टी. सचिवालय), सेक्टर-9-डी, चंडीगढ़-160009' के पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से यह नियुक्ति शुरू में एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे आगे तीन वर्ष तक या जब तक मौजूदा कर्मचारियों की सेवाओं की जरूरत हो, इनमें से जो भी पहले हो, तब तक बढ़ाया जा सकता है।