मुंबई। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन हाल ही में मराठी क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में गेस्ट के तौर पर गए थे। इस दौरान उन्होंने शो की होस्ट-अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को बताया कि वह इकलौते ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने स्पाइडर-मैन को भोजपुरी में डब किया है।
शो के दौरान रवि किशन ने अभिनेत्री के साथ मराठी में फिल्मों और इंडस्ट्री के अपने अनुभवों पर बातचीत की। इस दौरान रवि ने हंसते हुए माधुरी से कहा, "मैं इकलौता ऐसा आदमी हूं, जिसने स्पाइडर-मैन को भोजपुरी में डब किया है।"
अभिनेता ने आगे यह भी बताया कि भोजपुरी वर्जन में स्पाइडर-मैन को 'मकड़ मानव' कहा जाता है। माधुरी से बातचीत के दौरान रवि ने अपनी भोजपुरी स्पाइडर-मैन वाली आवाज में भी बात की और किरदार का एक रोमांटिक डायलॉग भी सुनाया। उन्होंने भोजपुरी डायलॉग में कहा, "ब्याह करके बनारस के तोके कचौड़ी खिलाई।" इसके बाद हंसते हुए उन्होंने कहा, "स्पाइडर-मैन बोल रहा है।"
उन्होंने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'स्पाइडर-मैन 3' में टोबी मैगुइरे के स्पाइडर-मैन को अपनी आवाज दी थी।
रवि किशन भोजपुरी, हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं वाली फिल्मों में काम कर चुके हैं। अभिनेता ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत हिंदी सिनेमा से की थी और उन्होंने 'पीतांबर', 'जख्मी दिल', 'आर्मी', 'तेरे नाम', 'फिर हेरा फेरी' और 'वेलकम टू सज्जनपुर' जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, उन्हें असली पहचान भोजपुरी सिनेमा से मिली। उनकी 2003 में आई फिल्म 'सैंया हमार' बड़ी हिट साबित हुई और इसी फिल्म ने उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े स्टार्स में से एक बना दिया।
हिंदी फिल्मों में उनकी 'लक', 'रावण', 'तनु वेड्स मनु', 'एजेंट विनोद', 'बुलेट राजा', 'मुक्काबाज' और 'बाटला हाउस' जैसी फिल्में शामिल हैं। किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' में श्याम मनोहर के किरदार में उनके अभिनय को काफी सराहा गया।
वहीं, हाल ही में अभिनेता रवि किशन माधुरी दीक्षित के साथ में फिल्म 'मां बहन' में नजर आए थे। फिल्म की कहानी एक विधवा मां रेखा और उसकी दो बेटियों जया व सुषमा के इर्द-गिर्द घूमती है। एक रहस्यमयी हादसे और जुर्म को छिपाने की कोशिश में ये तीनों अपनी दखलअंदाज़ी करने वाली कॉलोनी और बदलते हालात के बीच फंस जाती हैं।

















