भोपाल, जीतेन्द्र यादव। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भोपाल पुलिस कंट्रोल रूम में भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। शहर की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के साथ महापौर मालती राय, बीजेपी की महिला पार्षदों और महिला समाजसेवियों ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान महिला जनप्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षासूत्र पहनाया और मिठाई खिलाकर भाई होने का स्नेह जताया।
महापौर मालती राय ने पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महिला पार्षदों और समाजसेवियों ने भी पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने बहनों का आशीर्वाद लिया और उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
महापौर मालती राय ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। रक्षाबंधन के दिन भी कई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
वहीं, रक्षित निरीक्षक जय सिंह तोमर ने महापौर मालती राय और महिला जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान हर समय सुरक्षा में तैनात रहते हैं और त्योहारों पर भी कई बार अपने घर नहीं जा पाते। ऐसे में महापौर और उनकी साथी बहनों ने पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाकर परिवार से दूर रहने की कमी को कुछ हद तक पूरा किया है। उन्होंने बहनों की सुरक्षा का भी वचन दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने बहनों का आशीर्वाद लिया। इस आयोजन ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने के साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास, सम्मान और अपनत्व का संदेश भी दिया।




