भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल को सोमवार को एक बड़ी रेल सौगात मिलने जा रही है। नवनिर्मित निशातपुरा रेलवे स्टेशन का 28 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोकार्पण करेंगे। इससे पहले प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भोपाल मंडल के डीआरएम और जिला कलेक्टर के साथ स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निशातपुरा रेलवे स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिसके साथ ही स्टेशन पूरी तरह संचालन में आ जाएगा।


मंत्री सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए स्टेशन से जुड़ी सड़क कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है और रेलवे ट्रैक के ऊपर एक आधुनिक आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह लगभग छह रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाला देश का पहला फ्लाईओवर होगा, जो प्लेटफॉर्म नंबर-1 के समीप द्वारका नगर से शुरू होकर निशातपुरा रेलवे स्टेशन के पास उतरेगा।


उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस दिन का इंतजार किया जा रहा था, वह अब पूरा होने जा रहा है। 28 जुलाई से मालवा एक्सप्रेस का निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव शुरू होगा। वहीं अगले दो महीनों में इंदौर की ओर जाने वाली कई ट्रेनें भी निशातपुरा स्टेशन से संचालित होंगी। उन्होंने इसे भोपाल के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रही राजधानी में रेलवे स्टेशनों की संख्या बढ़ाना समय की आवश्यकता थी।


इस दौरान मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता डबल इंजन सरकार के पक्ष में है और भाजपा प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव प्रचार में कांग्रेस के स्टार प्रचारक नजर नहीं आ रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी पूरी तरह गायब हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए अब जनता ही "ढूंढते रह जाओगे" का संदेश दे रही है।