भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ग्वालियर, जबलपुर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ सहित 34 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। वहीं 13 जून को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ जिलों में तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


लगातार आंधी और बारिश के बावजूद प्रदेश में गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बुधवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.1 डिग्री, जबलपुर में 40.5 डिग्री, भोपाल में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और इंदौर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।


मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि प्रदेश में सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम, ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले सप्ताह मानसून के सक्रिय होने तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।


मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।


विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून की यह सक्रियता मानसून आगमन का संकेत है और आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम राहत भरा बना रह सकता है।