मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के लदुना स्थित सांदीपनी विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के तबादले के विरोध में सोमवार को छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र विद्यालय से निकलकर लदुना-सीतामऊ मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगाकर तबादला आदेश वापस लेने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।


प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी, तहसीलदार तथा अन्य अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। छात्रों का कहना था कि प्रभारी प्राचार्य के कार्यकाल में विद्यालय की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ, अनुशासन मजबूत हुआ और शैक्षणिक गतिविधियों में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिले। ऐसे में उनका तबादला छात्रों के हित में नहीं है।


छात्रों ने सड़क पर नारेबाजी करते हुए तबादला आदेश निरस्त करने की मांग की। प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने छात्रों को उनकी मांग संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने सड़क से जाम हटाकर प्रदर्शन समाप्त कर दिया।


हालांकि, सड़क से हटने के बाद भी छात्रों का विरोध जारी रहा। सभी छात्र विद्यालय परिसर के बाहर एकत्र हुए और प्रभारी प्राचार्य के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शिक्षा विभाग से तबादला आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन छात्र अपने प्रिय प्रभारी प्राचार्य का तबादला निरस्त किए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।